New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो अंतरराज्यीय गिरोहों का पदार्फाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 26 अवैध सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन तथा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान रवि कुमार, सुनील तंवर, योगेश, रजत उर्फ राज्जू, सौरभ और निखिल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि गिरोह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और खरगोन से अवैध हथियार मंगाकर दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों और कुख्यात गैंगों तक पहुंचाता था।
स्पेशल सेल की कई माह की निगरानी के बाद 22 मई को ताहिरपुर इलाके से रवि कुमार और सुनील तंवर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 15 अवैध हथियार बरामद हुए। बाद की कार्रवाई में द्वारका, लक्ष्मी नगर और रोहिणी क्षेत्रों से अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर शेष हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले कई वर्षों से हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों को सप्लाई करते थे। गिरफ्तार अधिकांश आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में पहले से वांछित या आरोपी रह चुके हैं।
पुलिस अब हथियारों की सप्लाई चेन, मध्य प्रदेश स्थित स्रोतों और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान में जुटी है।

New Delhi news

