New Delhi news दिल्ली पुलिस की वजीराबाद थाना टीम ने हत्या के एक मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मृतक के साढ़ू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास पाइपलाइन क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव आंशिक रूप से सड़ चुका था और उस पर चोट के निशान थे। बाद में मृतक की पहचान झरोदा माजरा निवासी राजा कुमार के रूप में हुई।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि उसकी बहन और उसके पति जितेंद्र कुमार के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पिछले एक महीने से उसकी बहन उसके घर पर रह रही थी। 10 मई की शाम जितेंद्र अपनी पत्नी से मिलने आया था, जहां कहासुनी के दौरान मृतक राजा कुमार ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद घायल होने का हवाला देकर जितेंद्र राजा को अपने साथ बुराड़ी मेट्रो स्टेशन तक ले गया, लेकिन राजा वापस नहीं लौटा।
पुलिस जांच में सामने आया कि जितेंद्र कुमार ने घटना के बाद शिकायतकर्ता को धमकी भरे फोन और संदेश भी भेजे थे तथा मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को बुराड़ी के गौशाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि थप्पड़ मारने से हुए अपमान और पुरानी रंजिश के कारण उसने शराब पीने के बहाने राजा कुमार को सुनसान स्थान पर ले जाकर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर, वारदात में उपयोग की गई स्कूटी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।
New Delhi news
हत्या के मामले में फरार आरोपी अलवर से गिरफ्तार

New Delhi news दिल्ली पुलिस की आनंद पर्वत थाना टीम ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी तकनीकी निगरानी, गुप्त सूचना और समन्वित अभियान के जरिए की गई।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को आनंद पर्वत थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जबरन अपहरण की सूचना ढउफ कॉल के जरिए मिली थी। जांच के दौरान रामजस पार्क, बलजीत नगर के जंगल क्षेत्र से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ, जिसके शरीर पर चाकू और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले।
मामले में पुलिस ने एफआईआर संख्या 220/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इससे पहले पुलिस एक आरोपी विराट उर्फ गट्टू और एक नाबालिग को पकड़ चुकी थी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया था।
पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपी रोहन चौहान राजस्थान के अलवर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और रणनीतिक घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
New Delhi news

