दिल्ली में आतंकी साजिश नाकाम, आईएसआई से जुड़े 4 आरोपी गिरफ्तार

Delhi terror plot:

Delhi terror plot: नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराज्यीय अभियान में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी हैंडलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क में थे।

Delhi terror plot:

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंट सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक जिगाना पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

खुफिया सूचना के बाद चला ऑपरेशन

दिल्ली पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना की साजिश रच रहा है। इसके लिए पंजाब के कुछ युवकों को भर्ती किया गया था।

सूचना के आधार पर एसीपी विवेक कुमार त्यागी की निगरानी में इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम ने दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

ड्रोन से मंगाए जा रहे थे हथियार और नशीले पदार्थ

पुलिस के मुताबिक, पहली गिरफ्तारी पंजाब के अमृतसर के मजीठा रोड इलाके से हुई। आरोपी शुभदीप सिंह के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार एवं नशीले पदार्थों की खेप मंगाता था।

इसके बाद उसके दो सहयोगियों गुरजंट सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से एक जिगाना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस ठिकानों की रेकी का जिम्मा

जांच के दौरान 24 जून को दिल्ली से चौथे आरोपी गगनप्रीत को गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, उसे पाकिस्तानी हैंडलरों ने दिल्ली में धार्मिक स्थलों, पुलिस स्टेशनों और पुलिस पिकेट की रेकी करने तथा फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा था।

विदेशी नंबरों से संपर्क में थे आरोपी

जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पाकिस्तानी आईएसआई हैंडलरों से बातचीत के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए भी उनका संपर्क पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से बना हुआ था।

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शुभदीप सिंह तरनतारन जिले का रहने वाला है और पाकिस्तान सीमा से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्र में रहता है। वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। साजन सिंह उर्फ हनी के खिलाफ भी पंजाब पुलिस पहले एनडीपीएस का मामला दर्ज कर चुकी है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, पाकिस्तान से मिले निर्देशों, हथियारों की सप्लाई और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Delhi terror plot:

यहां से शेयर करें