पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान में पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी से जुड़े बहु-राज्यीय आतंकी मॉड्यूल का पदार्फाश करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मॉड्यूल के तीन सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ताजा गिरफ्तारियों के साथ इस नेटवर्क से जुड़े कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
स्पेशल सेल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल (फरीदाबाद), सोनू मीणा (दिल्ली), सचिन कुमार मीणा (राजस्थान), मोहम्मद कैफ (नूंह, हरियाणा) और मोहम्मद रिहान (मेरठ) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार, 10 जिंदा कारतूस, पोस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मॉड्यूल के सदस्यों को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों तथा सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने और युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने का काम सौंपा गया था। कुछ आरोपियों को हथियारों की व्यवस्था और आर्थिक सहायता पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्हें विभिन्न गतिविधियों के लिए धनराशि भी उपलब्ध कराई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी भड़काऊ पोस्टर लगाने और कथित आतंकी संगठन के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यों में शामिल थे।
स्पेशल सेल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों से पहले भी हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों, हथियार आपूर्ति श्रृंखला और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित आपराधिक और हिंसक गतिविधियों को रोका गया है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें