Telangana Principal Murder Case: 10वीं के 2 छात्र गिरफ्तार, बैग में फोन मिलने पर रूपा ने डांटा था; आखिरी कॉल में ‘बाबू’ शब्द से पकड़ में आए आरोपी

Telangana Principal Murder Case: नलगोंडा (तेलंगाना)। तेलंगाना के नलगोंडा जिले में स्कूल प्रिंसिपल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 10वीं कक्षा के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। मृतका कल्लू रूपा रेड्डी (48) कोंडामल्लेपल्ली स्थित नागार्जुन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल और डायरेक्टर थीं। वह 12 अगस्त की सुबह अपने घर में मृत पाई गई थीं। उनके शरीर पर चाकू से 27 वार किए गए थे।

आखिरी फोन कॉल में ‘बाबू’ शब्द बना अहम सुराग

पुलिस जांच में सबसे बड़ा सुराग रूपा रेड्डी की मौत से पहले हुई आखिरी फोन बातचीत से मिला। इस बातचीत में ‘बाबू’ शब्द बोला गया था, जिससे प्रिंसिपल अपने स्कूल के कुछ खास छात्रों को संबोधित करती थीं। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने स्कूल के छात्रों पर शक करना शुरू किया और आखिरकार जांच 10वीं कक्षा के दो छात्रों तक जा पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

हॉस्टल बैग में मिले थे पैसे और मोबाइल फोन, प्रिंसिपल ने की थी शिकायत

पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले रूपा रेड्डी ने दोनों छात्रों के हॉस्टल बैग की तलाशी के दौरान उसमें पैसे और मोबाइल फोन बरामद होने पर उन्हें डांटा था और इसकी शिकायत उनके माता-पिता से भी की थी। पुलिस को शक है कि इसी घटना से नाराज होकर दोनों छात्रों ने प्रिंसिपल की हत्या की साजिश रची।

पांच दिन पहले की थी घर की रेकी, चाकू-दस्ताने-मंकी कैप खरीदे

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी छात्रों ने वारदात से करीब पांच दिन पहले ही चोरी की योजना बना ली थी। उन्होंने रूपा रेड्डी के घर की रेकी की और अपनी पहचान छिपाने के लिए चाकू, दस्ताने और मंकी कैप जैसी सामग्री पहले से खरीद रखी थी।

पहचान उजागर होते ही किए 27 वार

घटना वाले दिन एक छात्र मंकी कैप और दस्ताने पहनकर रूपा रेड्डी के घर में घुसा। बेडरूम में उसे करीब 2.50 लाख रुपए नकद मिले, जिन्हें लेकर वह भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसकी मंकी कैप सिर से खिसक गई और रूपा रेड्डी ने उसे पहचान लिया। पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने चाकू से प्रिंसिपल पर 27 बार वार कर दिए। इसके बाद दोनों छात्र पैसे लेकर मौके से फरार हो गए।

सबूत मिटाने के लिए दबाए खून से सने कपड़े, गोवा भी गए थे आरोपी

हत्या के बाद दोनों छात्रों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने खून से सने कपड़े और मंकी कैप जमीन में दबा दी थी। इसके बाद दोनों आरोपी गोवा भी घूमने गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.54 लाख रुपए नकद, एक आईफोन, रूपा रेड्डी का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने वारदात से पहले इंटरनेट पर जल्दी पैसे कमाने के तरीके भी खोजे थे।

पति के फोन का जवाब न मिलने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

घटना वाले दिन रूपा रेड्डी के पति हैदराबाद में थे। उन्होंने पत्नी को फोन किया, लेकिन जवाब न मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया।

5 टीमें, 80 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, CCTV और फोरेंसिक जांच के बाद खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 5 अलग-अलग टीमें बनाईं और CCTV फुटेज, फोरेंसिक सबूत, फिंगरप्रिंट व तकनीकी डेटा की गहनता से जांच की। इस दौरान 80 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान स्कूल के 10वीं कक्षा के ऐसे 5 छात्रों की पहचान हुई, जो घटना के बाद से स्कूल से गायब थे। इनमें से दो छात्र पिछले कुछ दिनों से बेहिसाब पैसे खर्च कर रहे थे और पार्टियां कर रहे थे, जिससे पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

यह भी पढ़ें: Crime News Lucknow: पति ने पत्नी और बहन को मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया

यहां से शेयर करें