Crime News Lucknow: लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। SBI में कार्यरत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बहन को सरेआम गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी
घटना कैसे हुई
गोमती नगर के विवेकखंड स्थित ICICI बैंक के सामने एक कार सवार व्यक्ति ने बैंककर्मी दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। उसे दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शक है कि गोली मारने वाला व्यक्ति दिव्या का पति मानस था, जिसने फोन कर उन्हें बैंक के बाहर बुलाया था। इसके बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा। वहां कमरा बंद करके उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी, फिर खुद को गोली मार ली। मृतक बहन का नाम शीबा बाजपेई बताया गया है।
कौन थीं दिव्या मिश्रा
दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और आलमबाग में रहती थीं। उन्होंने करीब एक साल पहले अपने पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।
जांच जारी
घटना के बाद से पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल पर कौन-कौन लोग मौजूद थे। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। वारदात की असल वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि पारिवारिक कलह और तलाक की अर्जी को एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

