New Delhi news दिल्ली पुलिस का ‘आॅपरेशन विश्वास’ आम नागरिकों का भरोसा मजबूत करने में लगातार सफल साबित हो रहा है। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान 2,400 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 2.5 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, केवल 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बीच ही 1,790 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल हैंडओवर कार्यक्रम आयोजित कर 1,900 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।
यह अभियान दक्षिण-पश्चिम जिले की एंटी स्नैचिंग सेल और सभी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग, फील्ड वेरिफिकेशन और समन्वित जांच के माध्यम से चलाया। एंटी स्नैचिंग सेल ने 1,236 तथा विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने 1,164 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि आॅपरेशन विश्वास के तहत आधुनिक तकनीक और प्रभावी जांच के जरिए खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन लगातार बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा रहे हैं। अभियान के तहत आगे भी मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें उनके मालिकों को सौंपने की कार्रवाई जारी रहेगी।


New Delhi news

