Shopian Encounter: दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप कमांडर जाकिर गनई मारा गया है। सुरक्षा बलों ने उसका शव और हथियार बरामद कर लिया है। हालांकि, ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है और एक अन्य आतंकी की तलाश में पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
Shopian Encounter:
चार दिन से चल रहा था ऑपरेशन
खुफिया एजेंसियों को शोपियां के जंगल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद करीब चार दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (Rashtriya Rifles) और CRPF ने संयुक्त अभियान शुरू किया। घेराबंदी के दौरान आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जाकिर गनई मारा गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी जानकारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अभियान की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते। SOG शोपियां ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF के साथ संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को मार गिराया।”
Shopian Encounter:
भागने के सभी रास्ते किए गए सील
सुरक्षा बलों ने आतंकियों को घेरने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी। सेना की काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट विक्टर फोर्स ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर आतंकियों के संभावित भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है क्योंकि एक अन्य आतंकी के छिपे होने की आशंका है।
पहलगाम हमले में भी सामने आया था जाकिर का नाम
सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया आतंकी जाकिर गनई दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले का रहने वाला था और वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा के लिए सक्रिय था। उसका नाम पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी सामने आया था। वहीं, उसका साथी लतीफ भी कुलगाम का निवासी बताया जा रहा है, जो पिछले वर्ष आतंकी संगठन में शामिल हुआ था।
ऑपरेशन अभी जारी
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि पूरे क्षेत्र की तलाशी ली जा रही है और दूसरे आतंकी की तलाश जारी है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Shopian Encounter:

