टेक्नोलॉजी के दम पर दबोचे स्कूटी चोर

New Delhi news केंद्रीय जिला पुलिस के डीबीजी रोड थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से स्कूटी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी पीपी ज्वेलर्स के सामने स्थित जेप्टो स्टोर के पास 15-16 अप्रैल की रात चोरी हो गई।
हेड कांस्टेबल विजयवीर, कांस्टेबल अनूप, कांस्टेबल सोनू और कांस्टेबल सौरभ की टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से दो संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान दोनों आरोपी अपने किराए के ठिकानों से फरार मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की, जिससे मथुरा में उनकी मौजूदगी का पता चला।
3 मई को सूचना मिली कि एक आरोपी चोरी की स्कूटी के साथ सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। पुलिस ने तुरंत छापा मारकर आरोपी को चोरी की स्कूटी सहित पकड़ लिया। इसके बाद दूसरे आरोपी को भी 5 मई को मथुरा स्थित जय गुरु मंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ सूर्या (19) निवासी झंडेवालान, करोल बाग और अजनेश (26) निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जेप्टो में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने डिलीवरी कार्य में इस्तेमाल करने के लिए बिना नंबर प्लेट वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी की थी और उसे सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में छिपाकर रखा था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
-जेप्टो डिलीवरी बॉय निकले आरोपी
-सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा गया आरोपी
-दूसरे आरोपी को मथुरा से दबोचा गया

New Delhi news

यहां से शेयर करें