Russia-Ukraine War: रूस ने 15-16 अगस्त 2026 की रात यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए, साथ ही प्लांट की अहम उत्पादन इकाइयों को नुकसान पहुंचा और उत्पादन का काम आंशिक रूप से रोकना पड़ा। बाद में कंपनी ने बताया कि मलबे से एक और शव बरामद हुआ, जिससे हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई। मलबे से निकाला गया दूसरा शव 44 वर्षीय एक कर्मचारी का था, जिसे पहले लापता बताया गया था।कंपनी के अनुसार, हमले में 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल हुए हैं। हमले के तुरंत बाद कंपनी ने अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना लागू कर दी। दमकलकर्मी, सुरक्षा विभाग के कर्मचारी, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य में जुटी रहीं। घायलों को शहर के अस्पतालों में जरूरी इलाज दिया जा रहा है।
ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस को नुकसान
इस हमले में प्लांट की बिजली उत्पादन इकाई और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी अहम सुविधाओं को नुकसान पहुंचा, जिसके चलते प्लांट में उत्पादन का काम आंशिक रूप से रोकना पड़ा है। विशेषज्ञ अब नुकसान का आकलन कर रहे हैं और यह देख रहे हैं कि मरम्मत में कितना समय और खर्च लगेगा। कंपनी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह एक नागरिक औद्योगिक प्रतिष्ठान है।
2022 में भी हो चुका है हमला
कंपनी ने बताया कि 2022 में भी इस प्लांट पर एक बड़ा मिसाइल हमला हुआ था, जिसमें रोलिंग मिल पूरी तरह नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की जान चली गई थी।
यूक्रेन का सबसे बड़ा स्टील प्लांट, अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका
आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह यूक्रेन के खनन व धातु उद्योग की सबसे बड़ी कंपनी है, जिसकी देश के स्टील उत्पाद बाजार में करीब 20% हिस्सेदारी है। यह प्लांट खासतौर पर लॉन्ग स्टील उत्पाद बनाता है, जिनमें रीबार और वायर रॉड शामिल हैं। इसके अलावा यहां सिंटर, कॉन्सन्ट्रेट, कोक, पिग आयरन, स्टील और अन्य रोल्ड प्रोडक्ट्स भी बनाए जाते हैं। यह प्लांट 2005 में लक्ष्मी मित्तल की कंपनी मित्तल स्टील ने खरीदा था। बाद में मित्तल स्टील का आर्सेलर के साथ विलय हुआ और 2006 में आर्सेलरमित्तल कंपनी बनी, जिसके चेयरमैन और प्रमुख शेयरधारक लक्ष्मी निवास मित्तल हैं।
यूक्रेन का जवाबी ड्रोन हमला
रूस के हमले के जवाब में यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, इस हमले में 83 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। हमले में रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक वेयरहाउस में भी आग लग गई, जो मॉस्को से करीब 45 किमी दूर स्थित है। यूक्रेनी सेना ने यह भी दावा किया कि उसने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन बनाने वाली एक फैक्ट्री को भी निशाना बनाया।

