Hayden Panettiere passed away: ‘हीरोज़’ और ‘नैशविले’ की अभिनेत्री हेडन पानेटिएरे का 36 साल की उम्र में निधन

Hayden Panettiere passed away: लॉस एंजिल्स/दक्षिण कैरोलिना। अमेरिकी अभिनेत्री हेडन पानेटिएरे का रविवार को 36 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके पिता स्किप पानेटिएरे ने परिवार की ओर से जारी बयान में इसकी पुष्टि की। बयान में कहा गया, “हमारे प्रिय हेडन के दुखद निधन की जानकारी साझा करते हुए हमें गहरा दुख हो रहा है। वे एक अद्भुत प्रकाश और प्रकृति की शक्ति थीं, जिन्होंने अपने परिचितों और स्क्रीन पर उन्हें देखने वाले लाखों लोगों को अपार प्यार और खुशी दी।” परिवार ने इस समय निजता बनाए रखने की अपील की है।

मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। उनके प्रतिनिधि ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। हेडन पानेटिएरे बाल कलाकार के रूप में करियर शुरू करने के बाद टीवी और फिल्मों में चर्चित भूमिकाएं निभाईं। एनबीसी के सुपरहीरो शो हीरोज़ में उन्होंने सुपरपावर्स वाली चीयरलीडर क्लेयर बेनेट का किरदार निभाया, जिससे उन्हें ख्याति मिली। इसके बाद म्यूजिकल ड्रामा नैशविले में जूलियट बार्न्स के रूप में उन्होंने दो गोल्डन ग्लोब नामांकन हासिल किए।

वे स्क्रीम 4 और स्क्रीम VI में किर्बी रीड के रूप में भी नजर आईं। बचपन में रिमेंबर द टाइटन्स, रेजिंग हेलेन और पिक्सर की  ए बग्स लाइफ (वॉयस) जैसे काम भी उनके नाम रहे। मई 2026 में उन्होंने संस्मरण  This Is Me: A Reckoning प्रकाशित किया था, जिसमें पोस्टपार्टम डिप्रेशन, लत, रिकवरी और निजी संघर्षों का जिक्र था। हेडन का जन्म 21 अगस्त 1989 को न्यूयॉर्क के पैलिसेड्स में हुआ था। वे यूक्रेनी पूर्व मुक्केबाज व्लादिमीर क्लिचको के साथ अपनी बेटी काया को छोड़कर गई हैं। उनके भाई जानसेन पानेटिएरे का 2023 में निधन हो चुका था।एसएजी-एएफटीआरए ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हम दुखी हैं।

यह भी पढ़ें: Maharashtra FDA: महाराष्ट्र सरकार का बॉलीवुड सितारों को अल्टीमेटम, सरोगेट विज्ञापन हटाने का आदेश

यहां से शेयर करें