बारिश ने रोका ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का मुकाबला, तिलपता ने बनाए 181 रन

ग्रेटर नोएडा। स्वर्गीय बाबूराम भाटी मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को तिलपता और कलदा गांव की टीमों के बीच खेला जा रहा मुकाबला तेज बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। तिलपता की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 181 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे क्रिकेट मैदान में पानी भर गया और आगे का खेल संभव नहीं हो सका।

मुकाबले के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे इस क्रिकेट टूर्नामेंट की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

बारिश के कारण मैच का फैसला टला

तिलपता की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। इसके बाद कलदा की टीम लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान पर उतरती, लेकिन इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण मैदान में पानी भर गया और अंपायरों को मुकाबला रोकना पड़ा। मौसम खराब होने के चलते मैच को आगे नहीं कराया जा सका।

मौसम साफ होने के बाद होगा फैसला

टूर्नामेंट के आयोजक प्रमोद नागर और संगीत भाटी ने बताया कि बारिश के कारण बुधवार का मुकाबला पूरा नहीं हो सका। अब मौसम साफ होने के बाद मैच को दोबारा कराने या मुकाबले के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा। आयोजन समिति खिलाड़ियों और टीमों को इसकी जानकारी देगी। ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देना है। कार्यक्रम के दौरान चैनपाल प्रधान, शिवम मावी, सुमित भाटी, प्रशांत भाटी, रोहित देवधर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: Yamuna Expressway: ₹1 में हेलीकॉप्टर एंबुलेंस! हेलमेट मैन के ‘संजीवनी बूटी मिशन’ से ऐसे बचेगी सड़क हादसों में जान

यहां से शेयर करें