New Delhi news रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अलीपुर थाने का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से 11 चोरी की लग्जरी कारें, एक चोरी का आॅटो, 50 इलेक्ट्रॉनिक डुप्लीकेट चाबियां तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्पेशल स्टाफ ने तकनीकी निगरानी, मानव सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर गिरोह का पता लगाया। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुलदीप सिंह उर्फ लकी, बलविंदर उर्फ बिंदा, दीपक उर्फ देव और बख्शीश सिंह उर्फ मन्नी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में महंगी गाड़ियों की रेकी करते थे और रात में कंप्यूटरीकृत इलेक्ट्रॉनिक की-प्रोग्रामिंग मशीनों की मदद से डुप्लीकेट चाबी बनाकर बिना ताला तोड़े वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद महंगी गाड़ियों को विभिन्न राज्यों में बेच दिया जाता था, जबकि अन्य वाहनों को काटकर उनके इंजन, गियरबॉक्स, ईसीयू, अलॉय व्हील, दरवाजे और अन्य पुर्जे ग्रे मार्केट में बेचे जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हुंडई अल्काजार, महिंद्रा थार, तीन हुंडई क्रेटा, दो मारुति बलेनो, वैगनआर, आॅरा, स्विफ्ट डिजायर और आई-20 सहित 11 चोरी की कारें तथा एक चोरी का आॅटो बरामद किया है। इसके अलावा 50 इलेक्ट्रॉनिक डुप्लीकेट चाबियां, कंप्यूटरीकृत की-कटिंग मशीन, की-प्रोग्रामिंग सॉफ्टवेयर वाला कंप्यूटर सिस्टम, टैबलेट, जीपीएस डिटेक्टर, फर्जी नंबर प्लेट, ड्रिल मशीन, फेस मास्क और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
सरगना कुलदीप उर्फ लकी अलीपुर थाने का हैं हिस्ट्रीशीटर
जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना कुलदीप उर्फ लकी अलीपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, बलविंदर के खिलाफ 15 और बख्शीश सिंह के खिलाफ 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के खरीदारों की तलाश में जुटी है।
New Delhi news

