Patna demonstration: पटना, बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने पटना के जेपी गोलंबर से राजभवन तक करीब 5 किलोमीटर लंबा मार्च निकाला। मार्च में उनके साथ करीब 5 हजार समर्थक शामिल हुए।
समर्थकों के साथ तेजस्वी यादव डाकबंगला पर लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए। इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद तेजस्वी को हिरासत में ले लिया गया। तेजस्वी ने कहा, “मैं जेल से डरने वाला नहीं हूं। हमारे भगवान श्री कृष्ण का जन्म जेल में ही हुआ था। जो सत्ता में आया है, उसका जाना तय है।” कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पानी की बोतलें भी फेंकीं। कुछ लोग लकड़ी की AK-47 लेकर पहुंचे। पुलिस के ASP लॉ एंड आर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जवानों को झंडे का सम्मान और लाठी का इस्तेमाल समझदारी से करने के निर्देश दिए।
मार्च से पहले जेपी गोलंबर पर तिरंगा और पोस्टर लेकर कार्यकर्ता जुटे। डाकबंगला चौराहे पर पहली बार बीच सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी। लाठी और इंसास राइफल के साथ भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। तेजस्वी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीवान के डीएम और एसपी के तबादले पर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मांग निलंबन की है, सिर्फ अदला-बदली से कुछ नहीं होगा। लालू यादव ने भी कार्यकर्ताओं से मार्च में शामिल होने की अपील की थी।

