Escorts Kubota Jewar Plan: सीएम योगी ने रखी एस्कॉर्ट कुबोटा की नींव, जेवर में 2,025 करोड़ का प्लांट, 3,800 को मिलेगा रोजगार

Escorts Kubota Jewar Plan: नई दिल्ली/जेवर। नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित UP–Japan Investment Meet 2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में जेवर स्थित Escorts Kubota के मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र की वर्चुअल ग्राउंड-ब्रेकिंग सम्पन्न हुई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान जेवर स्थित परियोजना स्थल पर भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों किसान, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा कंपनी और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

2,025 करोड़ का निवेश, बनेंगे ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट

Escorts Kubota Limited यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-10 में करीब 2,025 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र स्थापित कर रही है। इस संयंत्र में ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट और अन्य संबंधित उत्पादों का निर्माण होगा। परियोजना से 3,800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। यह इकाई घरेलू बाजार की मांग पूरी करने के साथ-साथ निर्यात के लिए भी एक महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित होगी, जिससे जापान की उन्नत विनिर्माण तकनीक उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम से जुड़ सकेगी।

योगी बोले- यूपी बनेगा वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक और आधारभूत ढांचे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल नीतियों के जरिए प्रदेश को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने जापानी कंपनियों के निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि Escorts Kubota जैसी विश्वस्तरीय कंपनी का जेवर में निवेश भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को भी मजबूती देगा।

अश्विनी वैष्णव बोले- तकनीक और कनेक्टिविटी से बढ़ेगी क्षमता

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आधुनिक तकनीक, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर को भारत की नई औद्योगिक विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि जेवर में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और नए औद्योगिक सेक्टर इस क्षेत्र को देश के प्रमुख आर्थिक और मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में शामिल करने की क्षमता रखते हैं।

शिवराज बोले- आधुनिक कृषि उपकरणों से बढ़ेगी किसानों की उत्पादकता

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की उत्पादकता और समृद्धि बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि उपकरणों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।

जेवर विधायक बोले- किसानों को सबसे पहले याद करना चाहिए

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जब दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनियां जेवर में उद्योग स्थापित कर रही हैं, तब उन किसानों को सबसे पहले याद किया जाना चाहिए जिन्होंने प्रदेश और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जमीन देकर विकास की नींव रखी। उन्होंने कहा कि कभी जेवर की पहचान एक सामान्य ग्रामीण और कृषि क्षेत्र के रूप में होती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यही जेवर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, आधुनिक उद्योग और वैश्विक निवेश की पहचान बन रहा है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की अपील

विधायक धीरेंद्र सिंह ने Escorts Kubota प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थापित होने वाले बड़े उद्योगों का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब जेवर और आसपास के गांवों के युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिलें।

यह भी पढ़ें: MP News: खंडवा नगर निगम में श्वान नसबंदी के नाम पर 40 लाख का फर्जीवाड़ा? डॉगी का मास्क पहनकर किया बड़ा पर्दाफाश

यहां से शेयर करें