New Delhi news दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला फॉरेनर सेल ने अवैध रूप से भारत में रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी ऐसा है, जिसे वर्ष 2025 में भारत से डिपोर्ट किया गया था, लेकिन वह दोबारा अवैध तरीके से सीमा पार कर दिल्ली पहुंच गया। दोनों आरोपियों को महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के एन.एस. मंडी, आजादपुर इलाके से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर फॉरेनर सेल की टीम ने विशेष अभियान चलाकर दोनों संदिग्धों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमडी रुहुल अमीन उर्फ तुली दास (25) और एमडी जीवन मियां उर्फ लिली (36), दोनों निवासी बांग्लादेश, के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि रुहुल अमीन को जून 2025 में भी फॉरेनर सेल ने गिरफ्तार कर बांग्लादेश भेजा था, लेकिन वह दोबारा अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर दिल्ली में रहने लगा। दोनों के पास भारत में रहने के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रात के समय एन.एस. मंडी इलाके में किन्नर का वेश धारण कर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि वे अवैध गतिविधियों के दौरान ग्राहकों पर मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल भी करते थे। रुहुल अमीन के बैग से एक मिर्च स्प्रे बरामद किया गया है। वहीं दूसरा आरोपी जीवन मियां एक रसोइए के रूप में काम करता था और दोनों साथ रह रहे थे।
आरोपियों से प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल दो स्मार्टफोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल दो स्मार्टफोन और बांग्लादेश के पहचान पत्र भी बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद एफआरआरओ (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनके निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
New Delhi news

