New Delhi news बाहरी जिला पुलिस के निहाल विहार थाना क्षेत्र की टीम ने एटीएम से नकदी निकालने के बाद लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो आदतन ठग और एक साजिशकर्ता शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और लूटी गई रकम में से 5,000 रुपये बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए चोरी की बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात करते थे।
पुलिस के अनुसार 23 जून को विजय चौधरी नामक व्यक्ति ने निहाल विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने रन्हौला बस स्टैंड के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले थे। जैसे ही वह एटीएम से बाहर निकला, दो बदमाशों ने उससे 20 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र सक्रिय किया। जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों झपटमार पैदल नजफगढ़-नांगलोई मार्ग की ओर भागे, जहां उनके दो साथी अलग-अलग मोटरसाइकिलों के साथ पहले से इंतजार कर रहे थे। इसके बाद चारों आरोपी मोटरसाइकिलों से नांगलोई चौक की ओर फरार हो गए।
28 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कुलदीप सिंह और शंभू प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से क्रमश: 1,700 और 1,500 रुपये बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। जांच में दोनों बाइक चोरी की निकलीं। इनमें से एक बाइक विजय विहार थाना क्षेत्र से वर्ष 2022 और दूसरी पंजाबी बाग थाना क्षेत्र से वर्ष 2025 में चोरी हुई थी।
साजिशकर्ता संजय गुप्ता भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
आगे की जांच में पुलिस ने साजिशकर्ता संजय गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से 1,800 रुपये बरामद हुए। जांच में सामने आया कि चोरी की एक मोटरसाइकिल संजय गुप्ता के नाम पर पंजीकृत थी। उसने बाइक चोरी होने की झूठी ई-एफआईआर दर्ज कराई थी, जबकि वास्तव में उसने वही बाइक अपने साथियों को वारदात के लिए उपलब्ध कराई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुलदीप सिंह और शंभू प्रताप सिंह के खिलाफ पहले से 10-10 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जबकि संजय गुप्ता भी एक आपराधिक मामले में पहले से शामिल रह चुका है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
New Delhi news

