Noida Police crackdown on drug abuse: एम्बुलेंस से उड़ीसा से सप्लाई का खुलासा। NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई। नोएडा पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना फेज-1 की टीम ने एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के निर्देशन और डीसीपी के निकट पर्यवेक्षण में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 280 ग्राम अवैध स्मैक (अनुमानित कीमत ₹10 लाख) तथा 64 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹13 लाख) बरामद किया गया है। साथ ही स्मैक बिक्री से प्राप्त ₹4,200 नकद भी जब्त किए गए।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया, “गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर महोदया के निर्देशन में नोएडा जोन में अवैध नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार प्रचलित है। आज इसी क्रम में डीसीपी सर के निकट पर्यवेक्षण में, एसएचओ फेज-1 और उनकी टीम के द्वारा दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।”
गिरफ्तार अभियुक्त और बरामदगी का विवरण
अफसाना उर्फ बीबी: पूर्व में वांछित नूरी की भतीजी बताई जा रही है। इसके कब्जे से 280 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
ओमवीर सिंह: आगरा के अछनेरा का निवासी। इसके कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में ओमवीर सिंह ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से अच्छी क्वालिटी का गांजा एम्बुलेंस के माध्यम से लाता था, जहां इसकी अच्छी डिमांड रहती है। फिर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर एनसीआर क्षेत्र में बेचता था। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में अभिरक्षा के लिए प्रस्तुत कर दिया है। अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है, जिसमें पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।
नोएडा में नशे के खिलाफ अभियान
नोएडा पुलिस हाल के महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें गांजा, स्मैक और अन्य ड्रग्स की बड़ी खेपें बरामद हुई हैं। युवाओं, कॉलेजों और आईटी क्षेत्रों को निशाना बनाकर चल रहे इस कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने या हेल्पलाइन पर दें। नशे के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। यह कार्रवाई नोएडा पुलिस की ड्रग फ्री जोन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आगे की जांच में और खुलासे होने की संभावना है।

