Community Radio Salaam Namaste: नोएडा । भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) गाजियाबाद शाखा की ओर से आयोजित मानक युवा सम्मान समारोह में आईएमएस नोएडा के छात्रों और सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते को उपभोक्ता जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन गाजियाबाद स्थित एके चिल्ड्रन एकेडमी में किया गया। समारोह में आईएमएस के छात्र रोहन को सर्वाधिक उपभोक्ता जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करने पर ‘मानक युवा’ सम्मान प्रदान किया गया। वहीं शिवप्रताप सिंह और रोनित राज को भी उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘मानक युवा’ की उपाधि से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईएमएस के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते को भी ‘जागो ग्राहक जागो’ अभियान के तहत उपभोक्ता अधिकारों एवं जागरूकता के व्यापक प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छबारिया ने बताया कि टीम ने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक अभियानों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय पूरी टीम, स्वयंसेवकों और समुदाय के सहयोग को दिया। आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने सम्मानित छात्रों एवं सामुदायिक रेडियो की टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी वे ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

