Jagannath Rath Yatra: पुरी की तर्ज पर इस बार नोएडा में भी निकलेगी भव्य रथ यात्रा, श्री स्वर्ण क्षेत्र में पहली बार अनूठा आयोजन

Jagannath Rath Yatra: ओडिशा की पावन धरती पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 का भव्य आयोजन 16 जुलाई (गुरुवार) को शुरू होने जा रहा है। इस नौ दिवसीय महोत्सव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा विशाल लकड़ी के रथों पर सवार होकर श्रीमंदिर से गुंडिचा मंदिर (मौसी का घर) तक की यात्रा करेंगे। लाखों श्रद्धालु रस्सियां खींचकर इसमें भाग लेंगे। एक सप्ताह के प्रवास के बाद 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा के माध्यम से देवता श्रीमंदिर लौटेंगे।

इस वर्ष पुरी में रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन ने रथ निर्माण, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यह भारत के सबसे प्राचीन और भव्य धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी जगमगा उठेगा जगन्नाथ का उत्सव
राजधानी दिल्ली-एनसीआर में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध नोएडा का श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर (सेक्टर-61, रॉयल गार्डन एस्टेट) इस बार विशेष रूप से तैयार है। मंदिर में पिछले वर्ष देवताओं की स्थापना के बाद यह पहली बार है जब भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जा रही है।

हिंदू सम्मेलन समिति, रॉयल गार्डन एस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में करीब दो हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस बार आयोजन को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक बनाया जा रहा है।समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को आधुनिक तरीके से अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा के साथ हो चुका है। प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:

14 जुलाई: नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन

16 जुलाई: भव्य रथ यात्रा (मंदिर से मौसीमा घर/कम्युनिटी सेंटर तक, घोड़ा गाड़ी के माध्यम से)

16 से 23 जुलाई: भागवत कथा एवं श्री जगन्नाथ कथा (शाम 4 से 7 बजे तक, कथावाचक आचार्य अजय किरण)

24 जुलाई: बहुड़ा यात्रा

25 जुलाई: सुना वेश

27 जुलाई: नीलाद्रि बीजे

आयोजन समिति के सचिव नीलूपमा शर्मा और संयोजक नितिन गौतम ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। सुरक्षा, शांति और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इस वर्ष विशेष अतिथि द्वारा पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म निभाई जाएगी। समिति ने अपील की है कि नोएडा के सेक्टर-61, 52, 53, 33 सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। गणमान्य अतिथियों में महंत डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद भल आदि शामिल होने वाले हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं का उत्सव भी है। जय जगन्नाथ!

यहां से शेयर करें