उत्तर प्रदेश की आर्थिक नगरी नोएडा एक नए युग में प्रवेश करने जा रही है। 15 जून का दिन नोएडा और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक होगा, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली बार यात्री विमान सेवा की शुरुआत होगी। इंडिगो एयरलाइंस की पहली उड़ान देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए रवाना होगी, जिससे दोनों शहरों के बीच वित्तीय और कारोबारी संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
बृहस्पतिवार से शुरू होगी टिकट बुकिंग
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा शुरू होने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों और कारोबारियों के लिए खुशखबरी यह है कि टिकट की बुकिंग बृहस्पतिवार से शुरू होने की संभावना है। इंडिगो एयरलाइंस के अलावा पहले दिन दो अन्य उड़ानें भी संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे।
किसानों का सम्मान और अयोध्या दर्शन भी पहले दिन
उद्घाटन के इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए कई कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। एयरपोर्ट के पहले चरण में अपनी जमीन देने वाले किसानों को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पहले दिन ही अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भी उड़ान भरने का कार्यक्रम लगभग तैयार हो चुका है। इस तरह यह दिन न केवल हवाई सेवा की शुरुआत का, बल्कि उन किसानों के योगदान को सम्मान देने का भी अवसर बनेगा जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि दी।
नोएडा-मुंबई कनेक्टिविटी की क्यों थी जरूरत
नोएडा आज प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां देश-विदेश की सैकड़ों राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं। कारोबार और व्यापार के सिलसिले में मुंबई से प्रतिदिन बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यापारी और पेशेवर नोएडा व पूरे एनसीआर क्षेत्र में आवाजाही करते हैं। अब तक इन लोगों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और संसाधन दोनों की बर्बादी होती थी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी उड़ान मिलने से यह असुविधा दूर होगी और कारोबारी आवाजाही सुगम व तेज होगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
नोएडा और मुंबई के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि इस क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सीधी उड़ान सेवा से नोएडा में नए व्यापारिक अवसर पैदा होंगे, रोजगार बढ़ेगा और एनसीआर क्षेत्र आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का यह पहला कदम आने वाले समय में देश के प्रमुख हवाई अड्डों में से एक बनने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
यह भी पढ़ें: Greater Noida: शादी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी समेत चार पर मुकदमा

