Noida Aviation Job Scam: फर्जी कॉल सेंटर से 1000 से ज्यादा युवाओं को ठगने वाला मास्टरमाइंड डॉक्टर अजय गाजियाबाद से गिरफ्तार

Noida Aviation Job Scam: नोएडा। राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एविएशन कंपनियों में नौकरी और प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के नाम पर देशभर के बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। पुलिस ने शुक्रवार, 21 अगस्त को मेरठ निवासी एमबीबीएस डॉक्टर अजय, पुत्र धर्मपाल सिंह, को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। यह गिरोह के खिलाफ पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है, इससे पहले इसी मामले में गिरोह के पांच सदस्यों को जुलाई महीने में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

सेक्टर-22 से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह नोएडा के सेक्टर-22 में लंबोदर इंस्टीट्यूट के नाम से एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहा था। आरोपी खुद को प्रतिष्ठित एयरलाइंस और एविएशन प्रशिक्षण संस्थानों का प्रतिनिधि बताकर युवाओं से संपर्क करते थे और उन्हें नौकरी या दाखिले का झांसा देते थे। इसके बाद अभ्यर्थियों से ऑनलाइन इंटरव्यू, पंजीकरण, एडमिशन, ट्रेनिंग, मेडिकल जांच, यूनिफॉर्म, सिक्योरिटी डिपॉजिट और प्रोसेसिंग फीस जैसे अलग-अलग बहानों से चरणबद्ध तरीके से रकम वसूली जाती थी। अपने झांसे को असली दिखाने के लिए गिरोह के सदस्य फर्जी ऑफर लेटर, एडमिशन कन्फर्मेशन, प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेज बनाकर पीड़ितों को भेजते थे। इतना ही नहीं, गिरोह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से एक फर्जी वेबसाइट भी तैयार कर रखी थी और कई जानी-मानी कंपनियों व संस्थानों के नाम-लोगो का दुरुपयोग कर लोगों को भरोसे में लेता था।

1000 से ज्यादा युवा बने शिकार

पुलिस के अनुसार, इस रैकेट के जरिए देशभर के 1000 से अधिक बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाया गया। जुलाई में हुई पहली गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 18 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, एक सीपीयू, 10 सक्रिय सिम कार्ड, 5 हेडफोन, 2 चेकबुक, 4 डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, दो कंपनियों की मोहरें, 13 फर्जी एविएशन प्रमाण-पत्र, बड़ी संख्या में फर्जी ऑफर लेटर व एडमिशन कन्फर्मेशन लेटर, 76 पन्नों का कॉलिंग डेटा, कॉलिंग स्क्रिप्ट और अभ्यर्थियों का पूरा ब्योरा बरामद हुआ था।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगाकर गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार निगरानी करते हुए 21 अगस्त को मास्टरमाइंड डॉ. अजय को गाजियाबाद से दबोच लिया। पूछताछ में पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और ठगी की पूरी रकम के लेन-देन का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस की अपील: भुगतान से पहले करें सत्यापन

साइबर क्राइम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी या दाखिले के नाम पर किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक संपर्क माध्यम से जरूर सत्यापन कर लें। किसी भी संदिग्ध ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत करें।

यह भी पढ़ें: Greater Noida News: 10वीं मंजिल से गिरकर नैनी मोनिका की मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

यहां से शेयर करें