Greater Noida Accident: 14वीं मंजिल से गिरे दो मजदूर, गोल्फ होम्स फेज-2 साइट पर मौत, ठेकेदार हिरासत में

Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गोल्फ होम्स फेज-2 की निर्माणाधीन साइट पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 4 बजे उस वक्त हुआ जब इमारत की 14वीं मंजिल पर काम कर रहे दोनों मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट टूट गई और वे नीचे गिर गए। दोनों सीधे छठी मंजिल पर लगे सरिया के स्ट्रक्चर पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, दोनों मजदूरों ने सुरक्षा के तौर पर बेल्ट लगा रखी थी, लेकिन काम के दौरान किसी वजह से बेल्ट खुल गई या टूट गई। इससे उनका संतुलन बिगड़ा और वे करीब आठ मंजिल की ऊंचाई से नीचे जा गिरे। सरिया के ढांचे पर गिरने से दोनों को गंभीर आंतरिक चोटें आईं। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में साइट पर शटरिंग गिरने को भी हादसे की एक वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सेफ्टी बेल्ट टूटने को मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दोनों घायल मजदूरों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

कौन थे मृतक मजदूर

मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के साहिबगंज थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय सरकार और 45 वर्षीय जमाल शेख के रूप में हुई है। दोनों बीते करीब सात महीने से गोल्फ होम्स फेज-2 की इसी साइट पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी इसी निर्माण साइट पर मजदूरी करते हैं, जिससे हादसे के बाद साइट पर काम करने वाले अन्य मजदूरों में भी दहशत का माहौल है।

पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लिया

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोप में निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही साइट सुपरवाइजर से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के वक्त सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि साइट पर सुरक्षा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थे या नहीं, मजदूरों को इनका इस्तेमाल करने के लिए ठीक से प्रशिक्षित किया गया था या नहीं, और ऊंचाई पर काम करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का पालन हो रहा था या नहीं।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

दोनों मजदूरों के शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की ऊंची इमारतों के निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। बीते कुछ महीनों में क्षेत्र की अलग-अलग हाईराइज साइटों पर ऊंचाई से गिरने की इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे निर्माण कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Noida Aviation Job Scam: फर्जी कॉल सेंटर से 1000 से ज्यादा युवाओं को ठगने वाला मास्टरमाइंड डॉक्टर अजय गाजियाबाद से गिरफ्तार

यहां से शेयर करें