Noida Authority: कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल, मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण ने संभाला मोर्चा, सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए ने जताया आभार

Noida Authority: नोएडा में सेवा, समर्पण और जन-जवाबदेही की एक मिसाल उस वक्त देखने को मिली, जब भारी बरसात के बीच नोएडा प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर 105 का स्थलीय निरीक्षण किया। मूसलाधार बारिश के कारण जब आम जनजीवन थमा हुआ था और लोग घरों में सिमटे हुए थे, तब प्राधिकरण के अधिकारी जनता को जलभराव की संभावित समस्या से बचाने के लिए धरातल पर पूरी मुस्तैदी के साथ डटे नजर आए। टीम के इस त्वरित प्रयास से सेक्टर में कहीं भी जल निकासी व्यवस्था बाधित नहीं हुई, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली।

अधिकारियों ने किया सघन भ्रमण

सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने प्राधिकरण की कार्यशैली की सराहना करते हुए बताया कि महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार और अवर अभियंता विक्रम सिंह की टीम ने भारी बारिश के दौरान पूरे सेक्टर का सघन भ्रमण किया। इस दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की मौजूदगी में अधिकारियों ने संभावित जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों और अन्य नागरिक समस्याओं का स्वयं जायजा लिया। विपरीत मौसम में खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को अधिकारियों की प्रशासनिक दक्षता और नागरिकों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया जा रहा है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने जताया आभार

अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टरवासियों की ओर से महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार, अवर अभियंता विक्रम सिंह एवं पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की इस तत्परता से न केवल विकास कार्यों की निरंतरता बनी रही, बल्कि जलभराव की स्थिति पैदा होने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया। आरडब्ल्यूए ने उम्मीद जताई है कि सेक्टर के चहुंमुखी विकास और नागरिकों की सहूलियत के लिए नोएडा प्राधिकरण का यह सहयोग और जन-सेवा का भाव भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: Türkiye-Pakistan: मक्का में सऊदी, तुर्की और पाकिस्तान का साझा रक्षा समझौता, जानें इसके मायने

यहां से शेयर करें