Felix Hospital Noida: इमरजेंसी में 15-20 किमी दायरे में मुफ्त एंबुलेंस और दवाओं पर 15% छूट, 9 अगस्त को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप|
नोएडा। शहर के लोगों को अब सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बार-बार अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नोएडा लोक मंच के निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र और फेलिक्स हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से एक नई ऑनलाइन हेल्थ सर्विस की शुरुआत की गई है। इस सुविधा के तहत लोग महज 30 रुपये में, दिन के किसी भी समय, अनुभवी डॉक्टरों से वीडियो कंसल्टेशन के जरिए चिकित्सा परामर्श ले सकेंगे। शुक्रवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
वीडियो कंसल्टेशन के साथ ई-प्रिस्क्रिप्शन की भी सुविधा
फेलिक्स हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. डीके गुप्ता ने बताया कि इस नई सेवा के अंतर्गत वीडियो कंसल्टेशन के साथ-साथ ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुकिंग और ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस सेवा का सबसे ज्यादा लाभ बुजुर्गों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और उन मरीजों को मिलेगा, जिन्हें तत्काल चिकित्सकीय सलाह की आवश्यकता तो होती है, लेकिन अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल होता है।
इमरजेंसी में मुफ्त एंबुलेंस और दवा पर छूट
आपातकालीन स्थितियों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे संचालित फार्मेसी से दवाएं 15 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, जरूरत पड़ने पर मरीजों को मुफ्त एंबुलेंस सेवा भी मिलेगी। खास बात यह है कि यह एंबुलेंस सेवा केवल फेलिक्स हॉस्पिटल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को सरकारी अस्पताल तक भी पहुंचाया जाएगा। साथ ही फेलिक्स हॉस्पिटल में आईपीडी उपचार पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट देने की भी घोषणा की गई है। इस पहल का मुख्य मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और किफायती बनाना है, ताकि बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को शुरुआती स्तर पर ही सही चिकित्सकीय सलाह मिल सके।
9 अगस्त को आयोजित होगा मेगा हेल्थ कैंप
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी कड़ी में आगामी 9 अगस्त को एक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान लाभार्थियों के हेल्थ कार्ड भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नोएडा लोक मंच का लक्ष्य केवल जरूरतमंदों को दवाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़े रखना भी है। नई ऑनलाइन हेल्थ सर्विस इसी प्रयास की एक अहम कड़ी है। तकनीक और वीडियो कंसल्टेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे लोगों के घर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। ‘स्वस्थ समाज, सशक्त समाज, बेहतर हर इंसान’ के संकल्प के साथ जनहित की स्वास्थ्य सेवाओं को आगे भी विस्तार दिया जाएगा।
कार्यक्रम में रहे ये लोग मौजूद
इस प्रेस वार्ता में फेलिक्स हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता, विनीत गर्ग, पवन यादव, आरएन श्रीवास्तव, कुशाग्र अवस्थी, जमील अहमद, एसके जैन, वीके जैन, मुकुल बाजपेयी, रेनू छिब्बर, विभा बंसल, विनोद शर्मा, ओपी पारीक, ब्रज गोपाल और प्रदीप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

