देश में NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद मचे हाहाकार के बीच एक और दिल दहला देने वाली खबर आई है। देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रमणि कॉलोनी में 23 वर्षीया नीट छात्रा रिया ने कथित तौर पर अपने कमरे में आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुँची पुलिस को उसके कमरे से एक भावनात्मक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था, “मम्मी-पापा, आई लव यू।” प्रारंभिक जाँच में सामने आया कि युवती कई वर्षों से डॉक्टर बनने के सपने के साथ NEET की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति से इनकार किया है और जाँच जारी है।
पेपर लीक का दंश, 2.27 करोड़ परीक्षार्थियों का सपना दाँव पर
3 मई 2026 को 2.27 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित NEET-UG परीक्षा को 12 मई को रद्द कर दिया गया, जब जाँच में सामने आया कि एक पूर्व-प्रसारित ‘गेस पेपर’ और वास्तविक प्रश्नपत्र के बीच बड़े पैमाने पर समानता थी। राजस्थान से बरामद एक ‘गेस पेपर’ में NEET 2026 के असली प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते करीब 140 सवाल पाए गए। 8 मई को NTA ने मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा और 12 मई को परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। इस विवाद में अब तक 13 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को दोबारा पंजीकरण नहीं कराना होगा और न ही कोई अतिरिक्त शुल्क देना होगा। सरकार ने मामले की गहन जाँच के लिए CBI को आदेश दे दिया है। NTA ने NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा की तारीख 21 जून 2026 (रविवार) घोषित की है। रिटेस्ट से पहले टूटती साँसें, कोडरमा में 16 वर्षीय की मौत देहरादून की घटना अकेली नहीं है। झारखंड के कोडरमा में भी एक 16 वर्षीया NEET अभ्यर्थी ने अपने किराए के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह अवसाद में चली गई थी। लड़की के पिता, जो एक बीमा एजेंट हैं, ने बताया कि बेटी ने 3 मई को परीक्षा दी थी और प्रदर्शन को लेकर आशान्वित थी। लेकिन परीक्षा रद्द होने के बाद वह डर गई कि रिटेस्ट और कठिन होगा। “हमने उसे कई बार समझाया, वो ऑनलाइन टेस्ट भी दे रही थी” — पिता ने PTI को बताया। बिहार के नवादा जिले से ताल्लुक रखने वाली यह लड़की माता-पिता की इकलौती संतान थी।
राजस्थान में भी छाया मातम — 22 वर्षीय का सुसाइड नोट
राजस्थान के झुंझुनू जिले का एक 22 वर्षीय युवक — जो NEET का तीसरा प्रयास कर रहा था — रिटेस्ट से मात्र छह दिन पहले अपने किराए के कमरे में मृत पाया गया। वह 21 जून को होने वाले रिटेस्ट में बैठने वाला था। यह शहर में एक महीने में दूसरी ऐसी घटना थी।
पाँच साल में 93 मौतें — 2026 में अब तक 14 केस
इंडिया टुडे के एक विश्लेषण के अनुसार, पिछले पाँच वर्षों में NEET से जुड़े आत्महत्या के करीब 93 मामले मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए हैं। 2021 में 4, 2022 में 9, 2023 में 14, 2024 में 19 और 2025 में 32 मामले दर्ज हुए। वर्ष 2026 में अब तक 14 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 5 मौतें परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद 12 मई के बाद हुई हैं।
विशेषज्ञों की राय: व्यवस्था की विफलता, छात्रों पर बोझ
शिक्षा विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि NEET जैसी एकल प्रवेश परीक्षा पर लाखों छात्रों के भविष्य का दबाव उन्हें मानसिक रूप से तोड़ देता है। पेपर लीक जैसी घटनाएँ उस टूटन को और गहरा कर देती हैं खासकर उन छात्रों के लिए जो वर्षों से तैयारी में जुटे हैं। अगर आप या आपके कोई परिचित मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहे हैं, तो कृपया iCall हेल्पलाइन 9152987821 पर संपर्क करें। आप अकेले नहीं हैं।

