चंडीगढ़/लुधियाना। पंजाब की भगवंत मान सरकार को एक बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह AAP सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित आवास पर छापेमारी की। ईडी की टीम लुधियाना समेत कई ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है। आवास के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।
कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार ईडी की यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी ने जाँच के सिलसिले में जालंधर, लुधियाना, गुरुग्राम और दिल्ली में अरोड़ा के आवास सहित कुल 16 से 17 ठिकानों की तलाशी ली। सुबह-सुबह शुरू हुई इस छापेमारी में ED अधिकारी दस्तावेज़ों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटे हैं।
जमीन धोखाधड़ी से जुड़ा है मामला
ईडी सूत्रों के मुताबिक यह छापेमारी जमीन धोखाधड़ी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में की जा रही है। एक ED सूत्र के अनुसार लुधियाना स्थित आवास पर की गई छापेमारी उस जमीन से संबंधित है जो पंजाब सरकार ने अरोड़ा को आवंटित की थी। जमीन औद्योगिक परियोजना के लिए दी गई थी, लेकिन शर्तों का उल्लंघन करते हुए उसे आवासीय परियोजना के लिए इस्तेमाल किया गया। यह जमीन अरोड़ा की कंपनी रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RPIL) को आवंटित की गई थी।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
संजीव अरोड़ा एक उद्योगपति और AAP नेता हैं जो वर्तमान में पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वे 10 अप्रैल 2022 से 1 जुलाई 2025 तक राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। उनका मुख्य व्यवसाय निर्यात उद्योग में रहा है और रितेश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के तहत तीन दशकों से अधिक समय तक मुख्यतः अमेरिका को निर्यात करते रहे हैं। 2006 में उन्होंने रियल एस्टेट में कदम रखा और कंपनी का नाम रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर दिया। फरवरी 2025 में AAP ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया और वे 10,637 मतों के अंतर से जीते।
AAP का पलटवार — राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप
इस छापेमारी के बाद AAP ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। AAP नेताओं का कहना है कि जैसे-जैसे पंजाब में आगामी चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से प्रेरित है और इसका मकसद विपक्ष को कमजोर करना है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले भी इस प्रकार की कार्रवाइयों पर तीखी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। मान ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल इसी रणनीति का हिस्सा है।
भाजपा का पलटवार
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने AAP पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी “चोरों और लुटेरों” की पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत “गंदगी” को साफ किया जाएगा।
पंजाब की राजनीति में हलचल
यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ रही हैं। संजीव अरोड़ा के आवास पर ED की यह कार्रवाई AAP और केंद्र सरकार के बीच टकराव को और तेज कर सकती है। छापेमारी की आगे की जानकारी का इंतजार है और ED अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद पुलिस विभाग की अनूठी पहल: 75 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की निःशुल्क नेत्र जांच

