जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी, दिल्ली पुलिस अलर्ट; पांच FIR दर्ज

CJP Protest

CJP Protest : नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को हुए बवाल के बाद मंगलवार सुबह एक बार फिर प्रदर्शनकारी जुटने लगे। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि उनका आंदोलन जारी रहेगा और सरकार से बातचीत के लिए कोई प्रतिनिधिमंडल नहीं जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी। यदि किसी को चर्चा करनी है तो उसे जंतर-मंतर आना होगा। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

CJP Protest :

संसद स्ट्रीट थाने में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस ने संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाव अधिनियम (PDPP Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर बिना अनुमति एकत्र होने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने, हिंसा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।

ड्रोन उड़ाने और हिंसा की साजिश की भी जांच

दिल्ली पुलिस ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में भी अलग FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि संसद सत्र के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाया गया, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा हिंसा की साजिश, पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों में भी कार्रवाई जारी है।

पुलिस के मुताबिक अब तक कनॉट प्लेस, संसद स्ट्रीट और अन्य थानों में कुल पांच FIR दर्ज की जा चुकी हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर और मामले भी दर्ज किए जा सकते हैं।

CJP Protest :

सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, लेकिन निगरानी जारी

इस बीच, सफदरजंग अस्पताल ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल की मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनीषा ठाकुर के अनुसार वांगचुक के शरीर के जरूरी संकेत (वाइटल्स) फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन उनका ब्लड शुगर लगातार कम बना हुआ है।

अस्पताल के अनुसार, जांच में पोटैशियम का स्तर सामान्य से कम मिला है और उनमें एनीमिया तथा ल्यूकोसाइट काउंट कम होने जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं। उन्हें ओरल रिहाइड्रेशन और पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं, जबकि उन्होंने इंट्रावेनस थेरेपी और ग्लूकोज लेने से इनकार किया है। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे उपवास और डिहाइड्रेशन को देखते हुए उनकी लगातार चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक है।

जंतर-मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रदर्शन जारी रखने के आह्वान के बाद मंगलवार सुबह से ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों का पहुंचना शुरू हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

CJP Protest :

यहां से शेयर करें