Farmers Delhi March चंडीगढ़। भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के किसानों ने एक बार फिर आंदोलन तेज कर दिया है। सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले मंगलवार को सैकड़ों किसान दिल्ली कूच के लिए शंभू और खनौरी बॉर्डर पर जुटे। किसानों के मार्च को देखते हुए हरियाणा प्रशासन ने शंभू बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
Farmers Delhi March
किसान घाट पर हुई रैली
दिल्ली कूच से पहले किसानों ने ‘किसान घाट’ पर करीब चार घंटे तक रैली आयोजित की। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर किसानों से कोई राय नहीं ली गई। उनका कहना है कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो अमेरिका से सस्ते कृषि और डेयरी उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे देश के किसानों और छोटे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Farmers Delhi March
बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसानों के मार्च को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए हैं। सीमा पर कंक्रीट बैरिकेड, बड़े स्लैब और अन्य अवरोधक लगाकर रास्तों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर भी बड़े वाहन खड़े कर यातायात को नियंत्रित किया गया है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल पंजाब से हरियाणा की सीमा में किसी भी प्रदर्शनकारी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। खनौरी क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और किसानों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। कुछ किसान एक्सप्रेसवे तक पहुंचे, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
Farmers Delhi March : यात्रियों के लिए जारी किया ट्रैफिक एडवाइजरी
शंभू बॉर्डर बंद होने के कारण दिल्ली और पंजाब के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों को अंबाला, लालड़ू, डेरा बस्सी और जीरकपुर होकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करने को कहा गया है।
किसानों ने सरकार से की मांग
किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सरकार को इस समझौते पर पुनर्विचार करना चाहिए और किसानों से बातचीत के बाद ही कोई फैसला लेना चाहिए।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में फिलहाल तनावपूर्ण, लेकिन शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Farmers Delhi March

