IND W vs NL W 2026 Live Score: नई दिल्ली। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 विश्व कप के मुकाबले में नीदरलैंड्स के खिलाफ निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार शुरुआत करते हुए नीदरलैंड्स की टीम पर दबाव बना दिया।
IND W vs NL W 2026 Live Score:
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए तेज रन जोड़ते हुए पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 59 रन तक पहुंचा दिया।
शेफाली वर्मा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 55 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे। वहीं स्मृति मंधाना ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 47 गेंदों पर 74 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था। यह इस विश्व कप में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा।
मंधाना और शेफाली के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 23 रन का योगदान दिया। अंत में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन जुटाते हुए टीम का स्कोर 20 ओवर में 209/5 तक पहुंचा दिया।
210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत धीमी रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पांचवें ओवर में नंदनी शर्मा ने सीगर्स को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद दीप्ति शर्मा ने मोलेनबोएर को पवेलियन भेजकर नीदरलैंड्स को दूसरा झटका दिया। श्रेयांका पाटिल के चोटिल होने के बाद गेंदबाजी संभाल रहीं शेफाली वर्मा ने स्टेर कैलिस का महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। नंदनी ने एक और सफलता हासिल करते हुए डी लीड को स्टंप आउट कराया और नीदरलैंड्स का चौथा विकेट गिरा दिया।
भारतीय टीम की नजरें टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज करने पर हैं। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने भी प्रभावी शुरुआत कर टीम को जीत की ओर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

