ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में 25 अगस्त की रात सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस और गाली-गलौज के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध जताया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी ने शुक्रवार को बिसरख थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि वायरल वीडियो में महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ विवाद के दौरान अखिलेश यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करती दिखाई दे रही है।
सुरक्षा कर्मियों से बहस के दौरान की टिप्पणी
सुधीर भाटी ने बताया कि आम्रपाली सेंचुरियन पार्क में रहने वाली एक महिला सोसाइटी के गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस कर रही थी। इसी दौरान उसने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की।
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी बताई जा रही है। पार्टी की ओर से महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
सपा कार्यकर्ताओं में रोष
सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला की टिप्पणी से माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
सपा की ओर से बिसरख थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद अब पुलिस मामले की जांच करेगी। वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और महिला द्वारा की गई कथित टिप्पणी की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

