ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-18 में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। चोर घर से चार सोलर बैटरी समेत कई कीमती चीजें उठा ले गए। इसकी जानकारी मकान मालिक को सोमवार सुबह घर पहुंचने पर हुई।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित चेतन वशिष्ठ ने इस मामले में दनकौर कोतवाली में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका मकान यमुना सिटी के सेक्टर-18 में स्थित है, जहां सरजू नामक केयरटेकर रहकर देखभाल करता है। चेतन के मुताबिक, रविवार शाम को उनके दो दोस्त कार से मकान पर आए थे। कुछ देर घर के अंदर बैठने के बाद गर्मी के चलते वे वापस चले गए। इसके बाद केयरटेकर सरजू भी मकान पर ताला लगाकर ग्रेटर नोएडा चला गया।
सुबह पहुंचने पर हुआ चोरी का खुलासा
सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब चेतन वशिष्ठ अपने मकान पर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चार सोलर बैटरी सहित अन्य कीमती सामान गायब है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें चोरी की शिकायत मिल गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में किसानों का प्राधिकरण घेराव, मांगें नहीं मानी तो रोक देंगे काम

