Ghaziabad News: मुरादनगर में ‘भाई’ न कहने पर खूनी संघर्ष, पढ़िए पूरी खबर

Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र स्थित कन्नौजा (कनोज) गांव में रविवार शाम एक मामूली सी बात इतनी बढ़ गई कि गांव में खूनी संघर्ष छिड़ गया। जानकारी के मुताबिक बातचीत के दौरान नाम के साथ ‘भाई’ न बोले जाने की बात पर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार यानी तलवार तक चले।

घटना में 57 वर्षीय देवेंद्र नाम के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में चार से पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस के मुताबिक इस विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी एक बड़ा कारण मानी जा रही है, जो ‘भाई’ संबोधन को लेकर हुई नोकझोंक के बहाने फिर से भड़क उठी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि माहौल और न बिगड़े। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Digital Arrest: 165 दिन ‘डिजिटल अरेस्ट’, 66 लाख की ठगी, ATS और सुप्रीम कोर्ट का दिखाया डर

यहां से शेयर करें