नोएडा में डॉक्टर से साइबर ठगी, इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 20 लाख रुपये हड़पे

नोएडा। शहर में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग डॉक्टर को इंश्योरेंस पॉलिसी पर मोटी रकम दिलाने का झांसा देकर 20 लाख 1 हजार 712 रुपये की ठगी कर ली। मामले में साइबर थाना पुलिस ने रविवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-27 निवासी 81 वर्षीय डॉक्टर रतिश चंद्र के अनुसार, ठगों ने सबसे पहले उनके वॉट्सऐप नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान उन्हें उनकी पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी से जुड़ी जानकारी भेजकर भरोसे में लिया गया, जिससे डॉक्टर को लगा कि सामने वाला व्यक्ति वाकई बीमा कंपनी से जुड़ा है। इसके बाद ठगों ने उन्हें पॉलिसी पर एक करोड़ रुपये मिलने का प्रलोभन दिया।

प्रक्रिया के नाम पर बार-बार मांगे पैसे

डॉक्टर के मुताबिक, ठगों ने उनसे एक फॉर्म भरवाया और फिर पॉलिसी की रकम दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। शुरुआत में एक लाख रुपये लिए गए, इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार और रकम ट्रांसफर कराई जाती रही। डॉक्टर ने इस दौरान परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं दी और ठगों के झांसे में आकर पैसे भेजते रहे। आठ दिन के भीतर डॉक्टर से कुल 7 बार में 20 लाख 1 हजार 712 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इसके बावजूद जब उन्हें वादे के मुताबिक एक करोड़ रुपये नहीं मिले और उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया।

पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

ठगी का एहसास होने पर डॉक्टर ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उनकी जानकारी जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि खातों की डिटेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: माँ के सामने बेटे की हत्या, पूर्व IAS अधिकारी और बेटे पर आरोप

यहां से शेयर करें