नोएडा/गौतमबुद्धनगर, गौतमबुद्धनगर के सभी सरकारी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का दावा करने वाला एक सोशल मीडिया संदेश सोमवार दोपहर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन जिला प्रशासन ने इसे पूरी तरह भ्रामक और असत्य करार देते हुए खंडन जारी कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल पँवार के कार्यालय से जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले के किसी भी परिषदीय (सरकारी) विद्यालय को बंद करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है और सभी स्कूल तय समय-सारिणी के अनुसार पहले की तरह ही संचालित हो रहे हैं।
क्या था वायरल दावा
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:41 बजे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास के हवाले से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर यह संदेश प्रसारित किया गया कि गौतमबुद्धनगर (UP) के सभी सरकारी स्कूलों को तत्काल बंद करने का निर्देश दे दिया गया है। यह संदेश देखते ही देखते व्हाट्सऐप और अन्य प्लेटफॉर्मों पर तेजी से फैलने लगा, जिससे अभिभावकों और शिक्षकों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई।
प्रशासन ने बताया पूर्णतः असत्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बयान पूर्णतः असत्य और भ्रामक है, जिसका पूर्ण रूप से खंडन किया जाता है। जिला प्रशासन ने कहा कि जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों का संचालन शासन और विभाग द्वारा पूर्व-निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप ही सामान्य रूप से किया जा रहा है, और किसी भी विद्यालय को बंद किए जाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पँवार के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।
कौन हैं सौरभ दास और क्या है कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन है, जिसकी शुरुआत मई 2026 में राजनीतिक संचार रणनीतिकार अभिजीत दिपके ने की थी। कुछ ही समय में इस आंदोलन को लाखों की संख्या में समर्थन मिला और सोशल मीडिया पर इसके करोड़ों फॉलोअर्स बन गए। पार्टी के स्वयंसेवक अक्सर कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर विरोध-प्रदर्शनों और सफाई अभियानों में हिस्सा लेते रहे हैं।
पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास बीते कुछ समय से ‘स्कूल ठीक करो’ नाम से एक अभियान चला रहे हैं, जिसके तहत वे विभिन्न शहरों के सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट कर वहां की बुनियादी सुविधाओं जैसे शौचालय, पेयजल और भवन की मरम्मत से जुड़ी खामियों को उजागर करते रहे हैं। हाल ही में नोएडा के एक प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर उन्होंने वहां की स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसके बाद स्कूल की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत होने की जानकारी सामने आई थी। गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई 2026 में दिल्ली में CJP का 36 दिनों तक चला आंदोलन तब समाप्त हुआ था, जब केंद्र सरकार ने आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें मान ली थीं। हाल ही में पार्टी ने दिल्ली सरकार को भी सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए 15 सितंबर तक की डेडलाइन दी थी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किए ऐसे किसी भी सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा न करें और स्कूलों से जुड़ी किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गौतमबुद्धनगर के आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
यह भी पढ़ें: वरिष्ठ अधिवक्ता का बयान लाया भूचाल, माफ हो सकता है हर्जाना?

