New Delhi news
पूर्वी जिला पुलिस के साइबर थाना ने लक्ष्मी नगर में चल रहे फर्जी एयर इंडिया नौकरी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। आरोपी एयर इंडिया के मानव संसाधन अधिकारी बनकर नौकरी का झांसा देते और पंजीकरण व अन्य शुल्क के नाम पर अभ्यर्थियों से यूपीआई के जरिए रकम ठगते थे।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ निवासी शिकायतकर्ता से एयर इंडिया में ग्राउंड ड्यूटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 14,500 रुपये ठगे गए थे। जांच में रकम लक्ष्मी नगर के एक खाते में पहुंचने का पता चला। तकनीकी जांच के बाद वजीराबाद निवासी मोहम्मद जैद को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर दो महिलाओं की भूमिका सामने आई।
जांच में पता चला कि आरोपी लक्ष्मी नगर से कॉल सेंटर चला रहे थे और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से नौकरी तलाशने वालों को फोन करते थे। छापेमारी में छह स्मार्टफोन, तीन कीपैड मोबाइल, कई सिम कार्ड और 25 हजार रुपये बरामद हुए। जांच में दो अन्य साइबर शिकायतें भी आरोपियों से जुड़ी मिली हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
New Delhi news

