दूसरे जीएसएस की मांग तेज, बार-बार बिजली कटौती से जेपी विशटाउन निवासी परेशान

नोएडा। सेक्टर-134 स्थित जेपी विशटाउन के निवासियों में बिजली व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है। आरोप है कि परियोजना के मूल नक्शे में दो ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) प्रस्तावित किए गए थे, लेकिन वर्तमान में केवल एक जीएसएस ही संचालित हो रहा है। इसी एक स्टेशन से सेक्टर-128 से लेकर सेक्टर-134 तक बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे बढ़ते लोड के कारण बार-बार ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या गंभीर हो गई है।

निवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और खराब हो गई है। कई बार मात्र 15 मिनट के भीतर पांच से दस बार बिजली आने-जाने की समस्या सामने आ रही है। लगातार ट्रिपिंग से एसी, इन्वर्टर, रेफ्रिजरेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। लोगों को रात में भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है।

रेजिडेंट्स का आरोप है कि बिल्डर और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही के कारण लाखों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने वाले परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि दूसरा जीएसएस समय पर तैयार किया गया होता तो वर्तमान संकट की स्थिति पैदा नहीं होती।

निवासियों ने मांग की है कि दूसरे जीएसएस का निर्माण पूरा होने और बिजली व्यवस्था सुचारु होने तक नई इमारतों को ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी न किया जाए। साथ ही उन्होंने प्राधिकरण और बिजली विभाग से तत्काल स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में बढ़ते तापमान के बीच लोगों को राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर ‘जनता कॉकरोच पार्टी’ का दबदबा: भाजपा को पछाड़ा, क्या यूपी चुनाव में पलटेगी बाजी?

यहां से शेयर करें