भीषण गर्मी के बीच संपन्न हुई लेखपाल मुख्य परीक्षा, 1446 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा-2026 बृहस्पतिवार को जिले के 17 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा में पंजीकृत 6984 अभ्यर्थियों में से 5538 शामिल हुए, जबकि 1446 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में परीक्षा देने आगरा, मथुरा, बुलंदशहर समेत कई जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच परीक्षा देना अभ्यर्थियों के लिए बड़ी चुनौती बना रहा।

लेखपाल परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित हुई। प्रदेशभर में इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 7,994 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। श्री अमीचंद इंटर कॉलेज, कासना में बनाए गए परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य से थोड़ा कठिन रहा। खासतौर पर कंप्यूटर से जुड़े सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाया। कई प्रश्न तकनीकी समझ पर आधारित थे, जिससे समय प्रबंधन में परेशानी हुई।

कुछ अभ्यर्थियों ने गणित तथा ग्राम समाज एवं विकास से जुड़े प्रश्नों को भी कठिन बताया। हालांकि सामान्य ज्ञान और हिंदी विषय के प्रश्न अपेक्षाकृत संतुलित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आया। केंद्रों के बाहर पेयजल, पार्किंग और यातायात नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, ताकि जांच प्रक्रिया समय से पूरी हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

यह भी पढ़ें: दूसरे जीएसएस की मांग तेज, बार-बार बिजली कटौती से जेपी विशटाउन निवासी परेशान

यहां से शेयर करें