800 किमी पीछा कर दिल्ली पुलिस ने दबोचे कार जैकर

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला एएटीएस टीम ने एक बड़े कार जैकिंग गिरोह का पदार्फाश करते हुए जम्मू-कश्मीर के कठुआ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 25 अप्रैल को एक घंटे के भीतर दो हथियारबंद लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो गए थे।

पहली वारदात विकासपुरी इलाके में हुई, जहां आरोपियों ने एक दुकानदार से पिस्टल के बल पर 15 हजार रुपये लूट लिए। इसके कुछ देर बाद द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र में वेगास मॉल के पास एक दंपति से फोर्ड इकोस्पोर्ट कार लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद एएटीएस द्वारका की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में टीम ने कई राज्यों में लगातार छापेमारी की और करीब 800 किलोमीटर दूर जम्मू-कश्मीर तक आरोपियों का पीछा किया।
पुलिस टीम ने कश्मीर में पांच दिनों तक लगातार आॅपरेशन चलाया और आखिरकार 7 मई को कठुआ में आरोपियों को घेर लिया। इस दौरान करीब 15 किलोमीटर तक हाई-स्पीड कार चेज भी चली, जिसके बाद तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
नितू डाबोदिया गैंग से जुड़ा आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी निवासी साहिल और अंसुल उर्फ गोलू तथा रेवाड़ी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अंसुल उर्फ गोलू कुख्यात नितू डाबोदिया गैंग से जुड़ा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे और लगातार लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फोर्ड इकोस्पोर्ट कार और फरारी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा टीयूवी भी बरामद कर ली है। मामले में अन्य सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें