स्वतंत्रता दिवस पर फूलप्रूफ सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में मंथन

New Delhi news  आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरी तरह सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराने के मकसद से बुधवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में देश भर के ग्यारह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एक मंच पर जुटे।
बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के अधिकारियों के अलावा केंद्रीय खुफिया व प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। दिल्ली पुलिस की ओर से विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और विभिन्न जिलों व विंगों के डीसीपी स्तर के अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में अधिकारियों ने आपस में महत्वपूर्ण खुफिया सूचनाएं साझा कीं। चर्चा का मुख्य केंद्र आतंकरोधी उपाय रहे, जिनमें सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान व सत्यापन जैसे बिंदु शामिल थे। इसके साथ ही खुले मैदानों और सार्वजनिक स्थानों पर पैराग्लाइडर, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की रणनीति पर भी विचार हुआ। अधिकारियों ने इस बात पर विशेष सहमति जताई कि संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही से जुड़ी सूचना बिना देरी के एक-दूसरे राज्यों के साथ साझा की जाए, ताकि किसी भी अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।
बैठक में एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय अंतर्राज्यीय गैंगों की गतिविधियों, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। साथ ही सोशल मीडिया पर निरंतर निगरानी बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगाए जाने वाले प्रतिबंधों और अंतर्राज्यीय सीमाओं पर अनधिकृत घुसपैठ रोकने की कार्ययोजना को भी अंतिम रूप दिया गया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें