“दिल्ली पुलिस का देश में दबदबा बरकरार, सीसीटीएनएस में छठी बार 100% के साथ नंबर-एक

New Delhi news  तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड पर 100 प्रतिशत अंक हासिल कर दिल्ली पुलिस ने लगातार छठी बार देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है।

दिल्ली पुलिस इससे पहले अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2025 में लगातार 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चुकी है और जनवरी व फरवरी 2026 में भी शीर्ष स्थान पर बनी रही। मार्च 2026 में भी यह सिलसिला जारी रखते हुए दिल्ली पुलिस ने अपनी उत्कृष्टता को बरकरार रखा है।

यह उपलब्धि नवीन न्याय संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सीसीटीएनएस और इंटर-आॅपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम जैसे राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के सशक्त उपयोग का परिणाम है।

गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा मॉनिटर किए जाने वाले इस डैशबोर्ड में राज्यों का मूल्यांकन डाटा की गुणवत्ता, समयबद्धता और सटीकता के आधार पर किया जाता है।

क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम और सभी पुलिस जिलों के बेहतर समन्वय, डाटा अनुशासन और सतत निगरानी ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखने का आह्वान किया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें