ट्रेन की बोगियों में छिपाकर लाते थे गांजा, फेस-1 पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 62.4 किलो गांजा बरामद

कब्जे से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये, पश्चिम बंगाल से खरीदकर ट्रेन में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर करते थे तस्करी, नई दिल्ली में उतारकर एजेंटों के नेटवर्क से एनसीआर में सप्लाई

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में नोएडा जोन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाते हुए थाना फेस-1 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 62 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि एसीपी सेकंड और थाना फेस-1 प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को सेक्टर-8, थाना फेस-1 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

पश्चिम बंगाल से खरीद, ट्रेन से सप्लाई

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा खरीदते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे माल को छोटे-छोटे पैकेटों में बांट लेते थे और ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रख देते थे, ताकि एक साथ पूरी खेप पुलिस की नजर में न आए। नई दिल्ली पहुंचने पर वे इन पैकेटों को अलग-अलग बोगियों से उतारते थे। इसके बाद अपने एजेंटों के जरिए तैयार किए गए नेटवर्क के माध्यम से छोटी-छोटी मात्रा में यह गांजा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के कई अन्य लोगों तक सप्लाई किया जाता था।

एडीसीपी मनीषा सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई नोएडा जोन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे सतत अभियान का हिस्सा है।

कोर्ट में पेशी, आगे की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों को माननीय न्यायालय में अभिरक्षा हेतु प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई (आगे की जांच) प्रचलित है, और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य एजेंट व सप्लायर कौन-कौन हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार नकेल कसी जा रही है और इस तरह की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड के बाद यूपी में सख्ती, कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी, 71 प्रतिष्ठान सील, सोसायटियों को चेतावनी

यहां से शेयर करें