BPSC Candidates Protest in Patna: CM हाउस घेराव की कोशिश नाकाम, वाटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद छात्रा बेहोश

BPSC Candidates Protest in Patna: पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की TRE-4 परीक्षा में बदलाव की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन मंगलवार को उग्र हो गया। PT-Mains पैटर्न, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल नीति की मांग को लेकर 18 अगस्त से धरना दे रहे छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले, जिसके बाद प्रशासन और छात्रों के बीच झड़प हो गई।

जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ी, डाकबंगला पर चला वाटर कैनन

छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने जेपी गोलंबर पर भारी फोर्स और CRPF जवानों की तैनाती की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। यहां छात्रों की CRPF जवानों से धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान एक छात्रा बेहोश हो गई। यह मार्च ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट के नेतृत्व में निकाला गया था।

एग्जाम कंट्रोलर की विवादित टिप्पणी पर मांगनी पड़ी माफी

इससे पहले सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान BPSC एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन पर एक कहावत का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। विवाद बढ़ने पर एग्जाम कंट्रोलर ने वीडियो जारी कर माफी मांगी, वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री बोले- सभी मांगों का समाधान हो चुका

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दावा किया कि छात्रों की सभी मांगों का समाधान कर दिया गया है और सरकार युवाओं की समस्याओं का समय पर निदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्षी नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली पर सुझाव देने से पहले उन्हें खुद 10वीं की परीक्षा पास करनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप- सरकार आंदोलन में फूट डाल रही

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी मनोज कुमार चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि सरकार मांगें पूरी करने के बजाय आंदोलन को कमजोर करने में जुटी है और कोचिंग संस्थानों के छात्रों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा प्रस्ताव

शिक्षा विभाग ने TRE-4 की आगामी PT परीक्षा के पैटर्न में बदलाव को लेकर BPSC को पत्र भेजा है। शिक्षा सचिव राजीव रौशन के प्रस्ताव के अनुसार, परीक्षा में 50% प्रश्न बाल मनोविज्ञान से और शेष 50% सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन (GK/GS) से पूछे जाने का सुझाव दिया गया है। इसमें भी 30% प्रश्न बिहार के इतिहास, राजनीति, अर्थव्यवस्था और भूगोल से संबंधित होंगे। छात्रों की ‘वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट’ की मांग को भी विभाग ने BPSC के समक्ष रखा है। अब इन बदलावों को लागू करना है या नहीं, इसका अंतिम निर्णय आयोग करेगा।

तेजस्वी यादव ने CM को लिखा पत्र

राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और परिणामों में देरी को लेकर लाखों अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों से मुलाकात का जिक्र करते हुए सरकार से उनकी मांगों पर तुरंत सकारात्मक कदम उठाने की अपील की, साथ ही चेताया कि देरी होने पर छात्रों की एकजुटता सरकार को झुकने पर मजबूर कर देगी।

यह भी पढ़ें: ग्रामीण की हत्या में पिता-पुत्रों समेत चार को आजीवन कारावास, 1.20 लाख जुर्माना

यहां से शेयर करें