New Delhi news उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के विदेशी प्रकोष्ठ (फॉरेनर सेल) ने दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर उसके निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी महिला का भेष बनाकर दिल्ली में रह रहा था और रात के समय खुद को ट्रांसजेंडर के रूप में प्रस्तुत कर अवैध गतिविधियों में शामिल रहता था।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 14 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र स्थित एनएस मंडी के पास तड़के छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जांच में उसकी पहचान एमडी अब्दुल अलीम उर्फ प्रीति (24) निवासी खुलना, बांग्लादेश के रूप में हुई। वह भारत में बिना किसी वैध यात्रा या पहचान दस्तावेज के रह रहा था। पूछताछ में उसने अपनी बांग्लादेशी नागरिकता स्वीकार कर ली और उसके मोबाइल फोन से बांग्लादेश के पहचान संबंधी दस्तावेज भी मिले।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी (जीएएस) कराकर अपना हुलिया महिला जैसा बना लिया था। वह साड़ी, सलवार-सूट, विग, भारी मेकअप और महिलाओं जैसी आवाज व हावभाव अपनाकर लोगों को धोखा देता था तथा रात के समय ट्रांसजेंडर का रूप धारण कर अवैध गतिविधियों में शामिल रहता था।
आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल एक स्मार्टफोन भी बरामद हुआ। कानूनी कार्रवाई के बाद उसे विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
New Delhi news

