रामनगर-देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मिली मंजूरी

New Delhi/Ramnagar news  रेल मंत्रालय ने उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद इस नई रेल सेवा को स्वीकृति मिली है।
नई एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन देहरादून से 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। ट्रेन रास्ते में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।
नई रेल सेवा से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोग देहरादून और हरिद्वार जाकर उसी दिन अपना कार्य निपटाकर वापस लौट सकेंगे।
यह ट्रेन पर्यटन और धार्मिक यात्रा को भी नई गति देगी। इससे जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर, सीतामढ़ी/सीतावनी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वहीं हरिद्वार और देहरादून पहुंचकर बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी सफर अधिक सुगम होगा।
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

New Delhi/Ramnagar news

यहां से शेयर करें