Srinagar news जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग मामलों में आरोपियों की 6.22 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां सीज कर दी हैं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये संपत्तियां गैरकानूनी तरीके से अर्जित की गई थीं और नशा तस्करी से हुई कमाई से जुड़ी थीं।
अलग-अलग इलाकों में करोड़ों की संपत्तियों पर कार्रवाई
श्रीनगर पुलिस ने निगीन थाना क्षेत्र में 1.10 करोड़ रुपये और जकूरा क्षेत्र में 1.14 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच किया। वहीं, शाल्टेंग में एक करोड़ और 43 लाख रुपये की अलग-अलग संपत्तियां फ्रीज की गईं। इसके अलावा अहमद नगर थाना क्षेत्र में 2.2 करोड़ रुपये की संपत्ति और लाल बाजार इलाके में 35 लाख रुपये की संपत्ति अटैच की गई। पुलिस के अनुसार ये संपत्तियां नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों की हैं।
नशे के खिलाफ लड़ाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
श्रीनगर पुलिस के लिए वर्तमान में नशे के खतरे के खिलाफ लड़ाई सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। पुलिस की ओर से मादक पदार्थ नेटवर्क को खत्म करने, उसके वित्तीय ढांचे को ध्वस्त करने और सुरक्षित, स्वस्थ तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अवैध कमाई के वित्तीय तंत्र पर सीधा प्रहार
अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर पुलिस की लगातार जारी कार्रवाई नशा तस्करी के प्रति उसकी जीरो-टॉलरेंस नीति और मादक पदार्थ नेटवर्क की आर्थिक बुनियाद पर प्रहार करने के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान, ट्रेसिंग और उनके खिलाफ कार्रवाई करके पुलिस उस वित्तीय तंत्र को निशाना बना रही है, जो नशा तस्करी को बढ़ावा देता है और उसे बनाए रखता है।
नशा तस्करों और सहयोगियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
श्रीनगर पुलिस ने दोहराया है कि नशा तस्करों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इसमें अवैध मादक पदार्थ गतिविधियों से प्राप्त आय से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की पहचान, कुर्की और उन्हें फ्रीज करना शामिल है। पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई कानून के तहत की जाएगी।
Srinagar news

