New Delhi news दिल्ली पुलिस को शुक्रवार को नया नेतृत्व मिल गया। 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार ने आधिकारिक रूप से दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यभार ग्रहण समारोह में निवर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने उन्हें औपचारिक रूप से पदभार सौंपा।
अनुराग कुमार इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक के पद पर कार्यरत थे। तीन दशक से अधिक के पुलिस और खुफिया सेवा अनुभव के साथ अब वे देश की राजधानी की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
कार्यभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने अनुराग कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को अनुराग कुमार की नियुक्ति का आदेश जारी किया था। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, सतीश गोलचा को आगे की तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुराग कुमार ने पदभार संभालने के बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ मिलकर राजधानी में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, संगठित अपराध, साइबर अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।



