New Delhi news उत्तर-पूर्वी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वेलकम, खजूरी खास, सोनिया विहार और नंद नगरी थाना पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में दो महिलाओं समेत पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार/पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 215 क्वार्टर अवैध शराब, 500 मिलीलीटर के 74 बीयर कैन तथा 750 मिलीलीटर की 12 शराब की बोतलें बरामद की हैं।
वेलकम थाना पुलिस ने 24-25 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:20 बजे वेस्ट गोरख पार्क स्थित फिटनेस एज जिम के पास गश्त के दौरान दो भारी बोरियां लेकर जा रहे शिवम (26) को पकड़ा। तलाशी में 74 बीयर कैन, 12 शराब की बोतलें और 10 क्वार्टर बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तीन मामले दर्ज हैं।
खजूरी खास थाना पुलिस ने सोनिया विहार की गली नंबर 22 में दोपहर करीब 12:55 बजे एक महिला को 30 क्वार्टर अवैध शराब के साथ पकड़ा। इसके बाद सदातपुर एक्सटेंशन की गली नंबर 25 में शाम करीब 6:55 बजे दूसरी महिला को 105 क्वार्टर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रही हैं।
सोनिया विहार थाना पुलिस ने दोपहर करीब 1:10 बजे गश्त के दौरान यमुना खादर की ओर अवैध शराब बेचने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रमन गुप्ता (27) को पकड़ा। उसके पास से 45 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। वहीं, नंद नगरी थाना पुलिस ने सुंदर नगरी के रविदास चौक के पास शाम करीब 3:30 बजे हरेंद्र सिंह (27) को 25 क्वार्टर देशी अवैध शराब के साथ पकड़ा है।
New Delhi news

