दुकानदारों को निशाना बनाकर 30.81 लाख से अधिक की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट से साइबर ठगी का खुलासा

New Delhi news  उत्तर जिले की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी पेटीएम/यूपीआई भुगतान स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदारों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी निखिल यादव उर्फ नाडा उर्फ नाला (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अब तक 30 लाख 81 हजार 700 रुपये से अधिक की ठगी का पता लगाया है।

*ऐसे करते थे ठगी*

उत्तर जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपी छोटे दुकानदारों को सामान खरीदने के बाद फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट दिखाता था। रकम खाते में नहीं पहुंचने पर भुगतान की समस्या दूर करने के बहाने दुकानदार का मोबाइल हासिल करने की कोशिश करता था। मोबाइल मिलने पर बैंकिंग या यूपीआई एप के जरिए खाते से रकम निकाल लेता था।

*एक लाख की ठगी से खुला मामला*

सदर बाजार के कपड़ा कारोबारी विष्णु कुमार गोयल की शिकायत पर 29 मार्च को साइबर थाने में मामला दर्ज हुआ था। आरोपी ने कपड़े खरीदने के बाद फर्जी भुगतान दिखाया और बाद में कारोबारी के खाते से एक लाख रुपये का अनधिकृत लेनदेन कर लिया।

*तकनीकी जांच से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस*

पुलिस टीम ने बैंकिंग, यूपीआई लेनदेन और दूरसंचार रिकॉर्ड की जांच की। ठगी की रकम पहले एक महिला के खाते में पहुंची और वहां से तरुण के माध्यम से आगे भेजी गई। जांच के बाद पुलिस ने 20 अगस्त को निखिल यादव को गिरफ्तार किया।

*दिल्ली-मुंबई की आठ वारदातों से जुड़ा*

पूछताछ और सत्यापन में आरोपी की संलिप्तता दिल्ली और मुंबई में दर्ज सात अन्य मामलों में भी सामने आई। पुलिस के अनुसार निखिल के खिलाफ पहले से चोरी और ठगी के आठ मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों और पीड़ितों की पहचान तथा पूरी रकम के लेनदेन की जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें