दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार को सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय स्कूल में दर्दनाक घटना सामने आई। सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय के गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की करीब 17-18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में पाई गई, जिसकी मौत हो गई। पुलिस को स्कूल से आग लगने की पीसीआर कॉल मिली थी। कृष्णा नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा गार्ड रूम के पीछे झुलसी हालत में मिली। उसके पास स्कूल बैग भी था। प्रारंभिक जांच में बैग और घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामान बरामद किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्रा अपने साथ पेट्रोल या कोई ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी और खुद पर डालकर आग लगा ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में क्या लिखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिवार ने छात्रा की उम्र 17 साल बताई है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि 25 अक्टूबर को उसका जन्मदिन था। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिस्थितियों की गहन जांच चल रही है। परिवार से पूछताछ भी की जा रही है। यह घटना स्कूल परिसर के अंदर कक्षाएं चलने के दौरान हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। स्कूल के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और आगे की जांच जारी है।

